Episode-5
"किताबों से बाहर की शिक्षा"
नमस्कार दोस्तों! स्वागत है आप सभी का घुमक्कड़ जिज्ञासा के इस बेहद अनोखे और आपके होश उड़ा देने वाले सफ़र में।
मैं हूँ आपका दोस्त... धर्मेंद्र कुमार।
तो चलिए, 'घुमक्कड़ जिज्ञासा' के अगले पड़ाव पर...
अपनी आँखें खोलिए, अपने दिमाग़ की खिड़कियों को साफ़ कीजिए और मेरे साथ चलिए एक ऐसी खोई हुई दृष्टि की खोज में, जो हमारे अपने ही घर में सदियों से हमारा इन्तज़ार कर रही है!
आज पेश है हमारी इस नई सीरीज़ का बेहद धमाकेदार—एपिसोड!.....
"किताबों से बाहर की शिक्षा"
हम सबने अपनी ज़िन्दगी के शुरुआती पंद्रह-बीस साल स्कूल और कॉलेज की दीवारों के बीच गुजारे हैं। हमने भूगोल पढ़ा, विज्ञान के जटिल सूत्रों को रट्टा मारा, इतिहास की तारीखें याद कीं, और परीक्षाओं के पन्नों पर उन्हें उतारकर डिग्रियां हासिल कर लीं।
हम एक क्लास से दूसरी क्लास में बढ़ते गए, और समाज ने मान लिया कि हम "शिक्षित" हो गए हैं।
लेकिन कभी-कभी, जब हम एकान्त में बैठते हैं, तो दिल के किसी कोने से एक छोटा सा सवाल सिर उठाता है—कि “क्या हम सच में उन चीजों को समझ पाए” या "हमने बस उन्हें परीक्षा पास करने के लिए याद कर लिया था?"
जब किताबें जीवित होती हैं:-
असली शिक्षा किताबों के ख़त्म होने और यात्रा के शुरू होने के बाद ही जीवन्त होती है। यात्रा का सबसे बड़ा जादू यही है कि यह उन सभी नीरस सिद्धांतों को एक जीते-जागते, धड़कते हुए "वास्तविक अनुभव" में बदल देती है।
जब आप किसी क्लासरूम में बैठकर भूगोल की किताब में "बैकवॉटर्स" या "नदी के डेल्टा" की परिभाषा पढ़ते हैं, तो वह सिर्फ काले अक्षरों का एक समूह लगती है।
लेकिन जब आप सचमुच केरल के शान्त बैकवॉटर्स में एक पारम्परिक नाव पर सवार होते हैं, और अपने हाथों से उस बहते पानी को छूते हैं, तब भूगोल की वह परिभाषा आपकी आंखों के सामने तैरने लगती है।
पानी का वह धीमा बहाव, उसके किनारे बसी इंसानी बस्तियां, और प्रकृति का वह अद्भुत संतुलन— सब कुछ किताब के पन्नों से निकलकर आपके जीवन का हिस्सा बन जाता है।
उस पल आपको समझ आता है कि स्कूल में जो हम पढ़ रहे थे, वह सिर्फ़ एक परीक्षा की तैयारी नहीं थी, बल्कि इस खूबसूरत दुनिया को देखने और समझने की एक तैयारी थी।
ठीक इसी तरह, जब हम किताबों में "कोरल रीफ्स" (मूंगा चट्टानों) के बारे में पढ़ते हैं, तो हमें लगता है कि यह समुद्र के नीचे कोई रंग-बिरंगी संरचना भर है।
लेकिन जब आप किसी समुद्र के गहरे पानी में उतरकर अपनी आंखों से उस जटिल और अविश्वसनीय पारिस्थितिकी तंत्र को देखते हैं, तो आपके भीतर केवल ज्ञान नहीं, बल्कि एक गहरी जिज्ञासा पैदा होती है।
आप सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि "इंसानी समझ से परे, प्रकृति ने इतनी सूक्ष्म और सुंदर रचना कैसे की होगी?"
विज्ञान जो सवाल पैदा करता है:
विज्ञान को अक्सर हम भारी-भरकम सूत्रों, थ्योरम्स और प्रयोगशालाओं तक सीमित कर देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी ग़ौर किया है कि, विज्ञान हमारे आसपास बिखरा हुआ है, बशर्ते हमारे पास उसे देखने वाली नज़र हो?
जब हम समुद्र के किनारे खड़े होते हैं और एक के बाद एक आती विशाल लहरें हमारे पैरों से टकराकर पीछे लौट जाती हैं, तो बचपन में पढ़ा हुआ "आर्किमिडीज का सिद्धांत" अचानक याद आ जाता है।
लहरों के उस थपेड़े में हमें पानी के उत्प्लावन बल का अनुभव होता है, जब आप तैरते हैं तो आप सिर्फ पानी का आनन्द नहीं ले रहे होते, बल्कि आप अपने शरीर के माध्यम से भौतिकी को जी रहे होते हैं।
यात्रा विज्ञान को रटने के विषय से हटाकर, महसूस करने और सवाल पूछने के एक जरिए में बदल देती है।
इतिहास जो दीवारों में कैद नहीं:
यही बात इतिहास पर भी लागू होती है। हमारे स्कूलों में इतिहास को सिर्फ युद्धों के साल, राजाओं के नाम और संधियों की तारीखों में समेट दिया जाता है, जिससे यह विषय अक्सर बहुत उबाऊ लगने लगता है। लेकिन इतिहास उन किताबों या दीवारों में कैद नहीं है।
इतिहास तो बोलता है ”बशर्ते हमारे पास उसे सुनने का धैर्य हो" जब आप आगरा के ताजमहल के सामने खड़े होते हैं या खजुराहो के मन्दिरों की दीवारों पर उकेरी गई बारीक नक्काशी को देखते हैं, तो वे आपके लिए सिर्फ़ पत्थर की इमारतें नहीं रह जातीं।
वे उस दौर के इंसानों की सोच, उनकी बेहतरीन तकनीक, उनके सौंदर्य-बोध और उनके असीमित धैर्य का एक जीता-जागता प्रमाण बन जाती हैं।
जब आप उन पत्थरों को करीब से छूते हैं, तो इतिहास तारीखों से परे जाकर एक जीवन्त मेहनत और कल्पनाशीलता के रूप में आपके सामने खड़ा हो जाता है।
एक व्यक्तिगत एहसास:
मुझे याद है, एक बार एक ऐतिहासिक स्थल की विशाल और मौन दीवारों के सामने खड़े होकर, मैंने खुद से एक बहुत ही ईमानदार सवाल पूछा था—
कि आज हमारे पास इतनी आधुनिक तकनीक है, इतनी बड़ी-बड़ी मशीनें हैं, लेकिन क्या हम आज कुछ ऐसा बना पा रहे हैं जो आने वाले सौ या हजार साल बाद भी लोगों को इसी तरह अचंभित करेगा और उनके मन में सवाल खड़े करेगा?
इस एक छोटे से सवाल ने मुझे इतिहास से ज़्यादा मेरे अपने वर्तमान के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। और सच मानिए, यात्रा की सबसे असली और बुनियादी शिक्षा यही है
—“यह हमें हमारे समय और हमारी अपनी जिंदगी के प्रति अधिक ईमानदार और जागरूक बनाती है"।
किताबें अधूरी नहीं है:
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है, कि किताबें अधूरी हैं, या उनका कोई महत्व नहीं है। किताबें बेहद जरूरी हैं:
"क्योंकि वे हमारे दिमाग को एक दिशा देती हैं, हमारे भीतर एक शुरुआती समझ का बीज बोती हैं" लेकिन किताबें सिर्फ एक शुरुआत हैं, वे अंत नहीं हैं। किताबें आपको रास्ता दिखाती हैं, और यात्रा उन किताबों को पूरा करती है और तजुर्बा भी देती है।
सीखने का नया नजरिया:
जब आप यात्रा को एक नये नजरिए से देखना शुरू करते हैं, तो आप सिर्फ जगहों पर घूमकर वापस नहीं आते, बल्कि आप उस जगह के पूरे सन्दर्भ को समझने लगते हैं।
आपके भीतर एक "लर्निंग माइंडसेट" काम करने लगता है। आप ख़ुद से पूछने लगते हैं?!:
•* आख़िर इसी ख़ास जगह पर यह मानवीय बस्ती क्यों बसी होगी?
•*इस मिट्टी या इस भूगोल का यहां के लोगों के खान-पान और संस्कृति पर क्या असर पड़ा?
•*यहां के इतिहास में जो उतार-चढ़ाव आए, उसके पीछे की असली वजह क्या थी?
तो समझिये, यात्रा वो व्यावहारिक ज्ञान है, जो आपको दुनिया की कोई भी बड़ी से बड़ी यूनिवर्सिटी या महंगे से महंगा कोर्स नहीं सिखा सकता।
यह कक्षा से बाहर की वह खुली पाठशाला है, जहां हर कदम पर एक नया पाठ छिपा होता है।
इसलिये अगली बार जब भी आप किसी नये सफर पर निकलें, तो अपनी आंखों पर केवल एक "पर्यटक" का चश्मा ही मत चढ़ाइए।
अपनी किताबों को अपने बैग में बन्द रखने के बजाय, अपने अनुभव में खोलिए। खुद से छोटे-छोटे सवाल पूछिए, कि यहां का भूगोल आपसे क्या कह रहा है, यहां की हवाएं इतिहास की कौन सी अनसुनी कहानी को छुपाए बैठी हैं, और यहां की प्रकृति का विज्ञान कैसे काम कर रहा है?
आप खुद महसूस करेंगे कि आपकी यात्रा एक नीरस सफ़र से बदलकर एक खुली और बेहद दिलचस्प किताब की तरह बन गया है।
इस अध्याय का सार:
जब हमारी किताबी जानकारी और यात्रा का व्यावहारिक अनुभव एक साथ मिलते हैं, तो ज्ञान केवल एक "इन्फॉर्मेशन" या "रटा हुआ डेटा नहीं रह जाता"—
"वह एक गहरी, आत्मिक समझ बन जाता है। एक तरफ जहाँ किताबें हमें दिशा देती हैं, तो यात्रा हमें गहराई देती है, और यही समझ"..
एक सजग, जिज्ञासु और ज़िम्मेदार इन्सान की सबसे मजबूत नींव होती है।
मिलते हैं, घुमक्कड़ जिज्ञासा सीरीज़ के अगले एपिसोड में, तब तक के लिए पढ़ते रहिए, अपने यात्री साथी को फॉलो करें, ताकि आने वाले एपिसोड्स का नोटिफिकेशन आपको मिलता रहे।