GHUMAKAD JIGYASA EP-6 in Hindi Adventure Stories by Dharmendra Kumar books and stories PDF | घुमक्कड़ जिज्ञासा - 6

Featured Books
Categories
Share

घुमक्कड़ जिज्ञासा - 6

Episode-6

ऊंचाई सोच बदल देती है 

नमस्कार दोस्तों! स्वागत है आप सभी का घुमक्कड़ जिज्ञासा सीरीज़ के एक बेहद अनोखे और आपके होश उड़ा देने वाले सफ़र में।

मैं हूँ आपका दोस्त... धर्मेंद्र कुमार।

तो चलिए, 'घुमक्कड़ जिज्ञासा' के अगले पड़ाव पर... अपनी आँखें खोलिए, अपने दिमाग की खिड़कियों को साफ़ कीजिए और मेरे साथ चलिए एक ऐसी खोई हुई दृष्टि की खोज में, जो हमारे अपने ही घर में सदियों से हमारा इंतजार कर रही है! आज पेश है हमारी इस नई सीरीज़ का बेहद धमाकेदार—एपिसोड!।


जीवन के कुछ सच ऐसे होते हैं, जिन्हें जमीन पर सीधे खड़े रहकर कभी नहीं समझा जा सकता। उन्हें देखने और महसूस करने के लिए हमें अपने कम्फर्ट जोन से थोड़ा बाहर निकलना पडता है, थोड़ा ऊपर उठना पडता है।

और यह ऊँचाई केवल भौतिक नहीं होती—यह मानसिक भी होती है।

जब हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के ढ़र्रे से हटकर कुछ ऐसा करते हैं जिसमें थोड़ा रोमांच हो, थोडा एडवेंचर हो, तो वह सिर्फ हमारे शरीर की धड़कनें नहीं बढ़ाता, बल्कि हमारे सोचने के पूरे नजरिए को अंदर से हिलाकर रख देता है।

उड़ान और दृष्टिकोण मेरा नजरिया:

मुझे याद है जब मैंने जिंदगी में पहली बार हवाई जहाज की खिड़की से नीचे देखा था।

जैसे-जैसे जहाज आसमान की तरफ बढ़ रहा था, नीचे का पूरा परिदृश्य बदल रहा था। जो शहर जमीन पर रहते हुए बेहद विशाल और अनंत लगता था, वह ऊपर से एक छोटे से खिलौने जैसा दिखने लगा।

बड़ी-बड़ी चौडी सड़कें पतली रेखाओं में बदल गईं, और वो आलीशान इमारतें, जिनके पीछे लोग अपनी पूरी जिंदगी खपा देते हैं, महज छोटे-छोटे बिंदु बनकर रह गईं।

उस एक पल में मुझे समझ आया—जिन चीजों, जिन समस्याओं और जिन विवादों को हम अपनी रोज की जिंदगी में बहुत बड़ा और जीवन-मरण का प्रश्न मानते हैं, वे वास्तव में इस असीम ब्रह्मांड में उतनी बड़ी हैं ही नहीं।

ऊँचाई चीजों का वास्तविक आकार नहीं बदलती, वह केवल हमारी आँखों के सामने उनका 'महत्त्व' बदल देती है।

जब आप चीजों को बहुत पास से देखते हैं, तो उलझन बढ़ती है, लेकिन जब आप थोड़ा दूर या ऊपर उठकर देखते हैं, तो स्पष्टता आती है।

आज के डिजिटल दौर में हम Google Maps का इस्तेमाल करते हैं, जो हमें ऊपर से पूरा रास्ता साफ दिखा देता है; ठीक वैसे ही, यात्राएं हमारे दिमाग को एक 'सैटेलाइट व्यू' देती हैं, जिससे जिंदगी का उलझा हुआ रास्ता सीधा दिखने लगता है।

पहाड: "ऊपर देखने की आदत"

यही अहसास पहाड़ों पर चढ़ते समय भी होता है। जब आप किसी पहाड़ी रास्ते पर ट्रेक कर रहे होते हैं, तो आपका शरीर बुरी तरह थकता है, साँसें फूलती हैं, और पैर जवाब देने लगते हैं।

लेकिन अजीब बात है कि जैसे-जैसे शरीर थकता है, वैसे- वैसे मन शांत और साफ होता जाता है।

हर एक चढ़ते कदम के साथ जब आप पीछे मुड़कर नीचे फैली घाटियों को देखते हैं, तो एक नया दृष्टिकोण मिलता है।

वे गहरी घाटियां हमें याद दिलाती हैं कि जीवन में सम्याएं अक्सर तभी तक डरावनी लगती हैं जब तक हम उनके बहुत करीब खड़े होते हैं।

जैसे ही हम उनसे थोड़ा पीछे हटते हैं या ऊँचाई पर जाते हैं, हमें उनके समाधान अपने-आप दिखने लगते हैं।

पहाडों की चोटी पर बैठकर मुझे एक और गहरा पाठ सीखने को मिला—ऊँचाई और विनम्रता का रिश्ता।

ऊँचाई और विनम्रता:

अक्सर दुनिया में माना जाता है कि जो इंसान जितना ऊँचा उठता है, उसका अहंकार उतना ही बढ़ जाता है।

लेकिन अगर आप सचमुच पहाड़ों की ऊँचाई को देख रहे हैं और उसे महसूस कर रहे हैं, तो वह आपके अहंकार को बढ़ाती नहीं, बल्कि उसे पूरी तरह से तोड़ देती है।

उन गगनचुंबी चोटियों के सामने खड़े होकर आपको अपनी वास्तविक औकात समझ आती है कि आप इस विशाल प्रकृति के सामने कितने छोटे और नगण्य हैं। और सच मानिए, यह छोटापन कोई हीनभावना नहीं पैदा करता, बल्कि यह एक बहुत बड़ी स्वतंत्रता देता है।

जब आप खुद को इस दुनिया के केंद्र में मानना छोड़ देते हैं, जब आप यह स्वीकार कर लेते हैं कि पूरी दुनिया आपके इर्द- गिर्द नहीं घूमती, तो अचानक आपका मानसिक बोझ हल्का हो जाता है। आप हल्के होकर जीने लगते हैं।

मुझे अपना एक व्यक्तिगत अनुभव याद आता है। एक यात्रा के दौरान मैं एक ऊंचे पहाड़ की चोटी पर जाकर बैठ गया था।

वहां न कोई संगीत था, न कोई बात करने वाला साथी था और न ही मोबाइल का नेटवर्क!?

सिर्फ तेज चलती ठंडी हवा थी और दूर-दूर तक फैला हुआ पहाडों का अनंत सिलसिला।

मैं वहां लगभग काफी देर तक चुपचाप बैठा रहा। उस पल मुझे महसूस हुआ कि हम अपनी जिंदगी में कितना ज्यादा भाग रहे हैं।

हम हर समय किसी न किसी लक्ष्य के पीछे दौड रहे हैं—कभी करियर, कभी पैसा, कभी सामाजिक प्रतिष्ठा।

लेकिन प्रकृति हमें सिखाती है कि ठहरना और रुकना भी एक कला है। जब तक आप रुककर अपनी परछाई को अपने साथ मिलने का समय नहीं देंगे, तब तक आप खुद को कभी नहीं खोज पाएंगे।

एडवेंचर या रोमांच का मतलब सिर्फ पहाड़ों पर चढ़ना या हवाई यात्रा करना नहीं है।

एडवेंचर का असली मतलब है अपने भीतर के डर का सामना करना और अपने पुराने ढर्रे को तोड़ना।

जब आप पैराग्लाइडिंग करते हैं, या किसी अनजान रास्ते पर अकेले निकल पड़ते हैं, तो आपका सामना अपनी सबसे बड़ी असुरक्षाओं से होता है।

और जब आप उस डर के पार जाकर खड़े होते हैं, तो आपकी आँखों को एक नई दृष्टि मिलती है। यही नया नजरिया ही आपकी असली यात्रा है।

आज की आधुनिक दुनिया की सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम हर चीज को बहुत करीब से देख रहे हैं।

सोशल मीडिया की स्क्रीन, ऑफिस के टारगेट, घरेलू जिम्मेदारियां—सब कुछ हमारी आँखों के इतने पास आ चुका है कि हमें उसके आगे कुछ दिखाई ही नहीं देता।

नतीजा क्या होता है? तनाव, मानसिक-उलझन, चिड़चिड़ापन और अधीरता।

यात्राएं हमें इस दमघोंटू माहौल से खींचकर थोड़ा ऊपर उठाती हैं—एक ऐसी जगह पर ले जाती हैं, जहां से जीवन का ताना-बाना सचमुच समझ में आने लगता है।

मैं आपके लिए यहाँ एक छोटा सा व्यावहारिक अभ्यास छोड़ना चाहता हूँ।

अगली बार जब भी आपको अपनी जिंदगी बहुत भारी लगने लगे, जब लगे कि समस्याओं का कोई अंत नहीं है,

तो एक पल के लिए रुकिए और खुद से पूछिए—"क्या मैं चीजों को बहुत पास से तो नहीं देख रहा हूँ?"

अपने कमरे की खिड़की से बाहर देखिए, किसी ऊंची छत पर चले जाइए, या हो सके तो किसी छोटी सी पहाड़ी की यात्रा पर निकल जाइए।

आप पाएंगे कि थोड़ा सा ऊपर उठना ही आपकी सबसे बड़ी उलझन का सबसे बड़ा समाधान बन जाता है।

इस अध्याय का सार यही है कि ऊँचाई हमें अंदर से बदलती नहीं है—वह महज हमें हमारा असली आकार दिखा देती है।

और जब एक इंसान अपनी वास्तविक स्थिति और आकार को समझ लेता है, तो उसकी सोच और उसके फैसले बिल्कुल स्पष्ट हो जाते हैं।

वो छोटी-छोटी बातों पर लड़ना, परेशान होना और डरना छोड़ देता है। वो जीवन को उसकी संपूर्णता में जीना सीख जाता है।

Tbc.....

आईये यात्री साथी, आपको ले चलते हैं, यात्रा के अगले पडाव पर! तब तक के लिए घुमक्कड़ जिज्ञासा के इस सीरीज़ को पढ़ते रहें, सिर्फ़ और सिर्फ़ मातृभारती ऐप और वेबसाइट पर।

आने वाले एपिसोड्स के नोटिफिकेशन पाने के लिए मुझे फ़ॉलो करें।